मुनस्यारी पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह, दो दिवसीय दौरे में विकास योजनाओं और सीमांत क्षेत्र के मुद्दों पर रहेगा फोकस

DTN मुनस्यारी। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह आज अपने दो दिवसीय मुनस्यारी दौरे पर पहुंचे। सीमांत क्षेत्र में उनके आगमन पर जिला प्रशासन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल का अभिनंदन किया।

मुनस्यारी पहुंचने के बाद राज्यपाल को पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा समर्पण की सराहना की।

अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान राज्यपाल विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा भी करेंगे। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों से मुलाकात कर सीमांत क्षेत्रों की चुनौतियों, विकास संबंधी आवश्यकताओं और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर जानकारी प्राप्त करेंगे।

राज्यपाल का यह दौरा सीमांत क्षेत्र के विकास को नई गति देने और स्थानीय समस्याओं को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

स्वागत कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष सिंह नबियाल और 14वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट रामभरत सिंह कुशवाहा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।