लोहाघाट में 13,648 मीट्रिक टन पुराने कचरे के निस्तारण का कार्य तेज, 80 प्रतिशत काम पूरा

DTN लोहाघाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत विजन तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के तहत जनपद में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा फर्नहिल स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा लेगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य तेजी से चल रहा है।

नगर पालिका परिषद द्वारा लगभग 13,648 मीट्रिक टन लेगेसी वेस्ट का बायो रिमेडिएशन और बायो माइनिंग तकनीक के माध्यम से प्रसंस्करण किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत 117 लाख रुपये है, जिसके लिए राज्य सरकार की ओर से रिंग फेंस्ड अकाउंट के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई गई है।

परियोजना के तहत अब तक करीब 80 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद वर्षों से जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो सकेगा और ट्रेंचिंग ग्राउंड की भूमि पुनः उपयोग के लिए उपलब्ध हो जाएगी।

इस पहल से क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा जनस्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए।

प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी और लोहाघाट नगर को स्वच्छ, सुंदर तथा पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।