समर मेले में युवतियों के बीच विवाद, पुलिस ने तत्काल संभाली स्थिति, अफवाहों से बचने की अपील

DTN  पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र स्थित विजडम तिराहे के पास आयोजित समर मेले के दौरान मुख्य सड़क पर कुछ युवतियों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया और मामले को शांत कराया।

पुलिस के अनुसार घटना के दौरान सचिन भण्डारी नामक व्यक्ति दोनों पक्षों को उकसाने तथा मुख्य मार्ग पर अव्यवस्था फैलाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस कर्मियों ने उसे कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहयोग न करने पर उसे बीएनएसएस की धारा 172 के अंतर्गत हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कुछ लोग उक्त वीडियो को अन्य घटनाओं से जोड़कर भ्रामक एवं तथ्यहीन जानकारी के साथ साझा कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता इससे अलग है।

पिथौरागढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे सोशल मीडिया पर साझा करें। किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करने के बाद ही उसे आगे बढ़ाएं तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।