पहली बार पिथौरागढ़ पहुंचे यूपीसीएल के एमडी पी.सी. ध्यानी, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया भव्य स्वागत

DTN पिथौरागढ़। उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी के पहली बार सीमांत जनपद पिथौरागढ़ पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ पहुंचे निदेशक (तकनीकी) संजय कुमार टम्टा का भी पुष्पगुच्छ और मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया गया।

स्वागत समारोह में मुख्य अभियंता (वितरण) एन.एस. टोलिया, अधीक्षण अभियंता अमित कटारिया, डी.एस. बिष्ट, डी.के. जोशी, अधिशासी अभियंता डी.डी. पांगती, नितिन सिंह गर्खाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ऊर्जा कामगार संगठन और विद्युत संविदा कर्मचारी संगठन (इंटक) के पदाधिकारियों ने भी दोनों अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्युत सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उपभोक्ता केंद्रित बनाने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में स्मार्ट मीटर योजना पर भी चर्चा हुई। प्रबंध निदेशक ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर को लेकर संदेह है तो वह कुछ समय तक पुराने और स्मार्ट मीटर की रीडिंग का स्वयं मिलान कर सकता है। इससे स्मार्ट मीटर की सटीकता और पारदर्शिता का पता चल जाएगा तथा उपभोक्ताओं का विश्वास भी बढ़ेगा।

उन्होंने बिलिंग एफिशिएंसी और कलेक्शन एफिशिएंसी को शत-प्रतिशत करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए स्वयं फील्ड में जाकर निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।