पिथौरागढ़ से 40 श्रद्धालु सोमनाथ धाम के लिए रवाना, रामेश्वरम का पवित्र जल भी साथ ले गए

DTN पिथौरागढ़। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत आज  पिथौरागढ़ से 40 श्रद्धालुओं का दल गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के दर्शन एवं पूजन के लिए रवाना हुआ। नगर निगम की मेयर कल्पना देवलाल और अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं।

मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि यह यात्रा भगवान सोमनाथ के प्रति श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु अपने साथ रामेश्वरम से लाया गया पवित्र जल कलश में लेकर जा रहे हैं, जिसे सोमनाथ ज्योतिर्लिंग पर अर्पित किया जाएगा। उन्होंने उत्तराखंड सरकार और गुजरात पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों सरकारों के सहयोग से यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह निशुल्क कराई जा रही है।

अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत यह यात्रा उत्तराखंड पर्यटन और गुजरात पर्यटन की संयुक्त पहल है। पर्यटन विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के आधार पर श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। यात्रा के दौरान आवागमन, आवास, भोजन समेत सभी व्यवस्थाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने जिलाधिकारी और जनपदवासियों की ओर से सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद एवं सफल यात्रा की कामना की।

उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी ने बताया कि पिथौरागढ़ से रवाना हुए दल में कुल 40 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें सात महिलाएं और 33 पुरुष हैं। उन्होंने कहा कि रामेश्वरम का पवित्र जल सोमनाथ मंदिर में अर्पित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के श्रद्धालुओं के बीच भगवान सोमनाथ के प्रति आस्था और सांस्कृतिक विरासत को और अधिक मजबूत करना है।

यात्रा रवाना होने से पूर्व जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा शुभकामनाओं के साथ उन्हें विदाई दी।