पेयजल, सड़क और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले सबसे अधिक आए, कई शिकायतों का मौके पर ही हुआ समाधान

DTN पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न विकासखंडों और दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 48 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें पेयजल, सड़क, आर्थिक सहायता, राजस्व, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पेंशन, भूमि विवाद, अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड और आपदा क्षति समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामले शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को समय पर राहत और न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना या समाधान में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निस्तारित किया जाए। जिन प्रकरणों में संयुक्त निरीक्षण या विभिन्न विभागों के समन्वय की आवश्यकता हो, उनमें तेजी से कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को प्रगति की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने सभी विभागों को जनसुनवाई में प्राप्त मामलों की नियमित समीक्षा करने और निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास का माध्यम है। प्रत्येक अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार प्राप्त अधिकांश शिकायतें पेयजल, सड़क और आर्थिक सहायता से संबंधित थीं। इन मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जनसुनवाई के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
