DTN पिथौरागढ़। 55वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) परिसर में आयोजित तीन दिवसीय अंतर क्षेत्रक मुख्यालय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। प्रतियोगिता में अंतर क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा का दबदबा रहा। अल्मोड़ा की टीम ने दोनों स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल खिताब अपने नाम किया।

सीमांत मुख्यालय एसएसबी, रानीखेत के तत्वावधान में 20 से 22 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में अंतर क्षेत्रक के अधीन विभिन्न वाहिनियों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। बैडमिंटन और टेबल टेनिस की स्पर्धाओं में कई मुकाबले रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने अनुशासन व खेल भावना का परिचय दिया।
समापन समारोह में 55वीं वाहिनी के कमांडेंट महेंद्र प्रताप ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों व टीमों को ट्रॉफी एवं पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से विभिन्न वाहिनियों के बीच समन्वय और आपसी भाईचारा बढ़ने के साथ कार्यकुशलता में भी सुधार होता है।
कार्यक्रम में 11वीं वाहिनी डीडीहाट के कमांडेंट अतुल कुमार राय, द्वितीय कमान अधिकारी राकेश कुमार रमण सहित विभिन्न वाहिनियों के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
