चम्पावत में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

DTN चम्पावत। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज शांत बाजार क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान फास्ट फूड सेंटर, बेकरी, मिष्ठान दुकानों और रेस्टोरेंट समेत कई खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रतिष्ठानों के एफएसएसएआई लाइसेंस, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण एवं रख-रखाव, रसोई की स्वच्छता और कच्चे माल की गुणवत्ता की जांच की। संदिग्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खोया, मिठाई और पके हुए भोजन के तीन नमूने लिए गए। नमूनों को राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है।

विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री की शुद्धता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान कारोबारियों को एनालॉग पनीर के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का कड़ाई से पालन करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिलावटी या कृत्रिम पनीर की बिक्री पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान में सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे।