खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, बिस्कुट और सूजी के नमूने जांच को भेजे

देवभूमि टुडे न्यूज | चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से आज खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छतार एवं कलेक्ट्रेट रोड क्षेत्र स्थित जनरल स्टोर, बेकरी, फास्ट फूड और पिज्जा सेंटरों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा एफएसएसएआई लाइसेंस एवं पंजीकरण की जांच की गई।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान बिस्कुट और सूजी के नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए।

निरीक्षण के दौरान फास्ट फूड, पिज्जा सेंटर और बेकरी संचालकों को स्वच्छता मानकों का पालन करने, कर्मचारियों के लिए हेड कैप का अनिवार्य उपयोग, ढक्कनयुक्त डस्टबिन रखने तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान एक पिज्जा सेंटर और एक बेकरी में खाद्य पदार्थों के रखरखाव एवं स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों को एक सप्ताह के भीतर सुधार करने के लिए चेतावनी नोटिस जारी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन या अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सहायक दिनेश फर्त्याल भी मौजूद रहे।