DTN | टनकपुर। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज टनकपुर नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-6 में संचालित पेयजल आपूर्ति परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को भूमिगत पाइपलाइन सहित सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि परियोजना में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
यूयूएसडीए के सहायक अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि प्रस्तावित 60 किलोमीटर पाइपलाइन में से 40 किलोमीटर बिछाई जा चुकी है। परियोजना के तहत तीन ओवरहेड टैंकों का निर्माण जारी है, जबकि पांच प्रस्तावित नलकूपों में से तीन बनकर तैयार हो चुके हैं और चौथे की बोरिंग का कार्य चल रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्या सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
