लिंगानुपात सुधार और टीबी मुक्त अभियान पर फोकस, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

DTN | पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने स्वास्थ्य विभाग को जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए हैं। कैंप कार्यालय में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में लिंगानुपात की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग समेत संबंधित विभागों को समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता, नियमित निगरानी और आपसी समन्वय से ही लिंगानुपात में अपेक्षित सुधार संभव है।

संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान डीएम ने प्रत्येक गर्भवती महिला तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष कार्ययोजना के तहत अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा और गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को लक्ष्य आधारित कार्य करते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने को कहा गया।

‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ की समीक्षा में जिलाधिकारी ने संभावित मरीजों की समय पर पहचान, जांच, उपचार और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए जनपद को शीघ्र टीबी मुक्त बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने को कहा।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के उच्च मानकों के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी भटगांई ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजन से सीधे जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय हैं। सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। साथ ही जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस चुफाल, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रशांत कौशिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मल सिंह बसेड़ा, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) हिमांशु नौगाई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।