शहीद द्वारों का निर्माण तेज करने के निर्देश, सैनिकों के कल्याण पर डीएम ने दिए अहम फैसले

DTN चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित जिला सैनिक परिषद की बैठक में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सैनिक विधवाओं और सेवारत सैनिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सैनिकों के कल्याण से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद में 11,155 पूर्व सैनिक, 5,195 सैनिक विधवाएं, 98 वीर नारियां और 20 द्वितीय विश्व युद्ध वीरांगनाएं पंजीकृत हैं। वर्ष 2025-26 में विभिन्न योजनाओं के तहत वीरांगनाओं, वीरता पदक प्राप्त सैनिकों और अन्य लाभार्थियों को करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

जिलाधिकारी ने भवन कर में छूट के पात्र सैनिकों की संख्या बढ़ाने, निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित 11 शहीद द्वारों के कार्य में तेजी लाने तथा मोटर मार्गों के नामकरण संबंधी प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कर्णप्रयाग, थराली और गैरसैंण में सैनिक विश्राम गृह तथा ईसीएचएस सुविधाओं के लिए भूमि चयन और आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने को भी कहा।

बैठक में पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान साहित्यकार मोहन सिंह ‘अकेला’ की पुस्तक “स्वतंत्रता पूर्व के युग परिवर्तक गढ़वाली सैनिक” का विमोचन भी किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित सेना एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।