नजूल भूमि फ्री होल्ड खोलने की मांग को लेकर प्रदर्शन, 300 वर्गमीटर तक मालिकाना हक देने की उठाई मांग

DTN पिथौरागढ़। नजूल भूमि फ्री होल्ड की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर आज पुरानी बाजार वार्ड में संयोजक उमेश लाल साह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासनादेश संख्या-2005 का पालन करते हुए नजूल भूमि को फ्री होल्ड करने तथा 300 वर्गमीटर तक भूमि पर काबिज लोगों को मालिकाना हक देने की मांग उठाई।

उमेश लाल साह ने कहा कि वर्ष 2018 से नजूल भूमि फ्री होल्ड की प्रक्रिया बंद होने से हजारों लोग प्रभावित हैं। पुरानी बाजार, नया बाजार और सिमलगैर वार्ड में 80 वर्ष से अधिक पुराने भवन जर्जर हो चुके हैं। हाल की बारिश में कई मकानों को नुकसान भी पहुंचा है, लेकिन मालिकाना हक नहीं होने के कारण लोग भवनों का पुनर्निर्माण और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी झेल रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि विकास प्राधिकरण का रवैया आम जनता के प्रति तानाशाहीपूर्ण बना हुआ है। सरकार को जनहित में शीघ्र नजूल भूमि फ्री होल्ड की प्रक्रिया शुरू कर लोगों को राहत देनी चाहिए।

प्रदर्शन में पार्षद सुशील खत्री, नीरज जोशी, करन सिंह, सुंदर शार्की, अशोक बहादुर, रोहित पांडे, मदन लाल साह, त्रिभुवन, तोहराब, शाहिद बख्श, लक्ष्मी थापा, किशोर, विनोद, कौशल भट्ट, प्रणय मेहरा मौजूद रहे।