DTN पिथौरागढ़। जमतड़ी के समायती गांव के समीप आज शाम एक पिकअप वाहन करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे। दुर्घटना का पता चलते ही 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान सभी पांच लोगों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

वाहिनी के आरक्षी सामान्य रवि और आरक्षी सामान्य धनदा शेठी वाहिनी मुख्यालय से चिकित्सा परीक्षण कराने के बाद सिविल वाहन से हल्दू सीमा चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पिकअप वाहन को खाई में गिरते देखा। दोनों जवानों ने तत्काल स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही ग्रामीणों के माध्यम से जमतड़ी कैंप को हादसे की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही समवाय प्रभारी उप निरीक्षक हरी सिंह के नेतृत्व में 10 जवान स्ट्रेचर, रस्सी और प्राथमिक उपचार सामग्री लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हुए। एसएसबी जवानों और ग्रामीणों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। बचाव दल ने तीन घायलों को सिविल वाहन से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेजा।
वहीं, पिकअप में फंसे दो लोगों को स्ट्रेचर और रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच एसएसबी जवानों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से हादसे में शामिल सभी पांच लोगों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
