मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए 19 से चयन ट्रायल

DTN पिथौरागढ़। खेल महाकुंभ के अंतर्गत मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए जिले के खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जनपद स्तर पर चयन ट्रायल 19 और 20 सितंबर को सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम पिथौरागढ़ में सुबह नौ बजे से आयोजित किए जाएंगे।

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी की ओर से जारी सूचना के अनुसार राज्य स्तर पर सीधे आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए इन चयन ट्रायल के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में ताइक्वांडो, हॉकी, हैंडबाल, बास्केटबाल, बॉक्सिंग और बेसबाल को शामिल किया गया है।

चयन ट्रायल में अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के साथ ही महिला ओपन वर्ग (20 से 25 वर्ष आयु) के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। इच्छुक खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि और समय पर श्री सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल होना होगा।