डीएम ने निर्माणाधीन पार्किंग का किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने के दिए निर्देश

DTN पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज नगर में जिला न्यायालय और जिला अस्पताल के निकट निर्माणाधीन पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति और अन्य जानकारी ली।

तहसील के निकट जिला न्यायालय की निर्माणाधीन पार्किंग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य और सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय पर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निर्माण सामग्री की टेस्टिंग कराने और जांच में पास होने के बाद ही उसका उपयोग करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पार्किंग परियोजनाओं के संबंध में नागरिक सूचना पट लगाने को भी कहा। इसमें परियोजना से जुड़ी प्रमुख जानकारियां प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को भी इसकी जानकारी मिल सके।

इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल के निकट निर्माणाधीन पार्किंग का निरीक्षण किया। यहां ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, संबंधित कार्यदाई संस्थाओं के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।