धामी सरकार ने विकास कार्यों के लिए मंजूर किए 66.59 करोड़ रुपये

DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में सड़क, पुल, धर्मशाला, मंदिर, पुलिस आवास और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार समेत कई विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है। इनमें ऊधमसिंह नगर के किच्छा में कृषि विश्वविद्यालय परिसर की सड़कों के सुधार के लिए 19.99 करोड़ रुपये और हरिद्वार में रवासन नदी पर पैदल यात्रियों के लिए स्टील ट्रस पुल निर्माण के लिए 9.34 करोड़ रुपये शामिल हैं।

किच्छा विधानसभा क्षेत्र में पंडित गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर की अवशेष सड़कों का सुधार किया जाएगा। वहीं, गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगर पंचायत दिनेशपुर में धर्मशालाओं के निर्माण के लिए 2.67 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।

सहसपुर में सड़क और नाली निर्माण

देहरादून जिले के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न आंतरिक मार्गों पर सीमेंट कंक्रीट टाइल्स बिछाने और नालियों के निर्माण के लिए 76.60 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत पहली किस्त के रूप में 45.96 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। झाझरा, सैनिक कॉलोनी और सुद्धोवाला क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य किए जाएंगे।

पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार

चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में मां पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में अनुरक्षण कार्य, विश्राम शेड और पुलिया निर्माण के लिए 77.22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में 46.33 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। वहीं, गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में पोखरी-चण्डिकाघाट मोटर मार्ग के 7.740 किलोमीटर हिस्से के पुनरीक्षित आगणन के लिए 5.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

रवासन नदी पर बनेगा पैदल पुल

हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण राज्य योजना के तहत रसूलपुर-मंगोलपुरा-आर्यनगर और लालढांग के बीच रवासन नदी पर 250 मीटर लंबे स्टील ट्रस पैदल पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 9.34 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है। पुल बनने से क्षेत्र में पैदल आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

पुलिस भवन और भूस्खलन उपचार को भी धनराशि

टिहरी गढ़वाल जिले के नरेंद्रनगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में विभिन्न आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए 9.71 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अल्मोड़ा जिले के सल्ट थाने में आवासीय भवन निर्माण के लिए 3.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें पहली किस्त के रूप में 1.52 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में मोरी-नैटवाड़-जखोल मोटर मार्ग के नौवें किलोमीटर पर पुराने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के उपचार के लिए 5.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार से जुड़े दो निर्माण कार्यों के लिए 14.50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।

ईको टास्क फोर्स की नर्सरियों में होगी सिंचाई व्यवस्था

प्रदेश में ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई प्रणाली स्थापित करने के लिए 78.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे नर्सरियों में पौधों की सिंचाई व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।