तीनपानी फ्लाईओवर पर कार हादसा, दो की मौत; दो घायल

तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, एक युवती समेत चार लोग थे सवार; एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

DTN हल्द्वानी। हल्द्वानी के तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर आज दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में चार लोग सवार थे। घायलों को उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, कार संख्या UK 02 A 2544 काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही थी। इसी दौरान तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। एसटीएच में चिकित्सकों ने ऊंचापुल निवासी 16 वर्षीय उत्कर्ष धपोला पुत्र डॉ. शैलेंद्र धपोला और देवलचौड़ खाम निवासी 17 वर्षीय सिद्धांत पाठक पुत्र रवि मोहन पाठक को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में पीलीकोठी निवासी 17 वर्षीय भाविका पुत्री रमेश धामी और श्याम बिहार में भाजपा कार्यालय के बगल में रहने वाले 16 वर्षीय प्रांजल मावड़ी पुत्र प्रेम सिंह मावड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एसटीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

हादसे की सूचना पर नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग किशोर उम्र के थे। हादसे के समय कार कौन चला रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।