धारचूला, गंगोलीहाट और डीडीहाट में मंदिरों के सौंदर्यीकरण व पर्यटन विकास के लिए धामी सरकार ने दी वित्तीय स्वीकृति

देवभूमि टुडे न्यूज | पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और मंदिरों के विकास की दिशा में धामी सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिले के धारचूला, गंगोलीहाट और डीडीहाट विधानसभा क्षेत्रों में मंदिरों के सौंदर्यीकरण, पर्यटन स्थल के विकास और ट्रैक रूट निर्माण के लिए कुल 2.89 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है। इन योजनाओं से धार्मिक स्थलों को नई पहचान मिलने के साथ ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने धारचूला विधानसभा क्षेत्र में लीती से मां होकरा मंदिर तक ट्रैक रूट और व्यू प्वाइंट के निर्माण के लिए 88.79 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन के साथ साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वहीं गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 49.34 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा पर्यटक स्थल मणकेश्वर सिद्ध महादेव में पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 70 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हड़खोला स्थित घटयूड़िया मंदिर के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 81.10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से जिले के धार्मिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी विकास कार्यों को वित्तीय मंजूरी दी है। चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में चौमेल और पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम तथा मूलाकोट, पाटी और ईजड़ा में खेल मैदानों के निर्माण के लिए 1.85 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हिंग्लादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 48.41 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसी तरह बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 1.60 करोड़ रुपये, टिहरी विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 39.84 लाख रुपये और नई टिहरी के बौराड़ी स्थित नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए 2.98 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रतापनगर के हुण्डेश्वर महादेव मंदिर में ध्यान केंद्रों के निर्माण के लिए भी 82.62 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा हरिद्वार के पिरान कलियर में सीसी मार्ग और इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के लिए 2.49 करोड़ रुपये, देहरादून के डोईवाला में सड़क निर्माण के लिए 98.75 लाख रुपये तथा ऊधमसिंह नगर के खटीमा में 300 हैंडपंप स्थापित करने के लिए 86.57 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून के रायपुर क्षेत्र में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए 28.18 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड जजेस एसोसिएशन के बेनिवोलेंट फंड के लिए भी 2.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति देते हुए पहली किश्त के रूप में एक करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन प्रदान किया है।
