उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: प्रवीण कुमार बने पिथौरागढ़ के नए सीडीओ, दीपक सैनी को देहरादून की जिम्मेदारी

DTN देहरादून/पिथौरागढ़। उत्तराखंड शासन ने आज प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) के कई अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस व्यापक स्थानांतरण में सीमांत जिले पिथौरागढ़ के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) का प्रभार भी बदल गया है।

शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, देहरादून स्थित शहरी विकास निदेशालय में अपर निदेशक के पद पर कार्यरत आईएएस-2021 बैच के अधिकारी प्रवीण कुमार को अब पिथौरागढ़ का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, पिथौरागढ़ में अब तक सीडीओ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे आईएएस-2020 बैच के अधिकारी दीपक सैनी को यहां से स्थानांतरित कर दिया गया है। दीपक सैनी को अब देहरादून का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

शासन द्वारा जारी इस आदेश में कुल 30 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। सरकार की ओर से अनु सचिव द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होंगे और नवीन तैनाती के स्थान पर अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। इस प्रशासनिक बदलाव के साथ ही पिथौरागढ़ जिले के विकास कार्यों की कमान अब प्रवीण कुमार के हाथों में होगी।