जनजातीय संस्कृति और विरासत को सहेजना जरूरी : धामी

DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और विरासत का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। जनजातीय समाज ने अपनी विशिष्ट जीवनशैली, प्रकृति के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों से देश की विविधता को समृद्ध किया है।

मुख्यमंत्री आज परेड ग्राउंड देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में राज्य जनजातीय शोध संस्थान की ओर से आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026’ में बोल रहे थे। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए जनजातीय समाज को गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने आदिवासी संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान का नेतृत्व किया। उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को अपने अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर काम किया जा रहा है। प्रदेश में चार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में भोटिया और राजी जनजाति के बच्चों के लिए भी एकलव्य विद्यालय स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

धामी ने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, निःशुल्क कोचिंग और तकनीकी प्रशिक्षण की सुविधाएं दी जा रही हैं। जनजातीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री जनजाति रोजगार उत्कर्ष योजना भी संचालित की जा रही है। वहीं, पात्र अनुसूचित जनजाति परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शिल्पकारों की आय बढ़ने के साथ पारंपरिक हुनर को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी सहित जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, हस्तशिल्पी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।