DTN पंतनगर। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने नशे के बढ़ते खतरे और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। वहीं, सड़क हादसों की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर राष्ट्रीय राजमार्गों पर ऐसे स्थानों के आसपास एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

राज्यपाल आज गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के सभागार में ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जिले के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों तथा प्रभागीय वनाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने अवैध मदिरा और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर भी प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
बैठक में ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिले में संचालित विकास कार्यों और उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने बताया कि जनजातीय बच्चों की शिक्षा के लिए जिले में दो एकलव्य मॉडल स्कूल संचालित हैं। किच्छा में सेटेलाइट एम्स का निर्माण पूरा हो चुका है और जल्द इसका संचालन शुरू होगा। रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय में क्रिटिकल केयर सेंटर का निर्माण भी पूरा हो गया है। विद्यार्थियों को नीट और जेईई की तैयारी के लिए निश्शुल्क कोचिंग दी जा रही है। इसके अलावा ब्लॉक, न्याय पंचायत और जिला स्तर पर पुस्तकालय संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल, वेयरहाउस और काशीपुर में 10 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का निर्माण कराया जा रहा है। रुद्रपुर और काशीपुर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। रुद्रपुर रिंग रोड बनने से यातायात जाम की समस्या में राहत मिली है, जबकि काशीपुर बाईपास का निर्माण तेजी से चल रहा है। राज्य अतिथि गृह का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जमरानी बांध परियोजना की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है। हल्द्वानी में एडीबी के सहयोग से सड़क, फुटपाथ और ड्रेनेज के कार्य कराए जा रहे हैं। कैंचीधाम और कौसानी-बागेश्वर मार्ग पर डामरीकरण का काम भी प्रगति पर है। नैनीताल, रामनगर और कैंचीधाम में यातायात का दबाव कम करने के लिए बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।
राज्यपाल ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना जनजातीय समुदायों के उत्थान की महत्वाकांक्षी योजना है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि जनजातीय क्षेत्रों के पात्र लोगों तक इसका लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाया जाए।
बैठक में ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति और नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की जानकारी दी। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अरविंद पांडेय, सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी, डॉ. रश्मि पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
