पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा एवं बाल विकास व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान जहां पीएम श्री प्राइमरी स्कूल बिण की व्यवस्थाओं की सराहना की गई, वहीं उपखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कर्मचारियों की उदासीनता पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले आंगनबाड़ी केंद्र बिण पहुंचकर बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा अधिकारियों को बच्चों के पोषण और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने पीएम श्री प्राइमरी स्कूल बिण का निरीक्षण किया। प्रधानाध्यापक नवल पंत से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र संख्या एवं मिड डे मील की जानकारी ली। मिड डे मील की गुणवत्ता जांचने के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन का स्वाद चखा। विद्यालय में 93 छात्र संख्या होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने अनुशासित संचालन एवं बढ़ती छात्र संख्या को विद्यालय की उपलब्धि बताया।
हाई स्कूल बिण के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यालयी अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कर्मचारियों की कार्यशैली पर जिलाधिकारी नाराज दिखे। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत को संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ शो कॉज नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी जिलाधिकारी ने अभिलेखों एवं उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित मामलों के पारदर्शी एवं शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यों में लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा एवं बाल विकास संस्थानों में गुणवत्ता, अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
