DTN चम्पावत। मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर (हीटवेव) की संभावना को देखते हुए चम्पावत प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। लगातार बढ़ते तापमान और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के सभी ग्रीष्मावकाश वाले विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार जनपद के समस्त सरकारी और गैर-सरकारी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन 22 मई से आगामी एक सप्ताह तक अर्द्धदिवसीय व्यवस्था के तहत किया जाएगा। इस दौरान विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 11:30 बजे तक संचालित होंगे।
प्रशासन का कहना है कि अत्यधिक गर्मी और हीटवेव के कारण बच्चों में निर्जलीकरण सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि शीतावकाश वाले विद्यालयों का संचालन पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही जारी रहेगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का जनपद के सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
