थरकोट में पांच दिवसीय एनएमएनएफ प्रशिक्षण का शुभारंभ, किसानों को प्राकृतिक खेती की दी जानकारी

विशेष संवाददाता  ( विष्णु प्रसाद जोशी )
DTN पिथौरागढ़। प्रसार प्रशिक्षण केंद्र थरकोट में खेत बचाओ अभियान के तहत पांच दिवसीय एनएमएनएफ प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को स्वस्थ मिट्टी, बेहतर फसल और खुशहाल किसान की अवधारणा से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र सिंह चौधरी ने किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र गैना के वैज्ञानिक डॉ. अलंकार सिंह और डॉ. महेंद्र सिंह ने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखने में सहायक है, बल्कि खेती की लागत कम करने और किसानों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रशिक्षण में किसानों को जैविक खेती से होने वाले लाभ, उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों तथा भूमि संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मूनाकोट, विण, डीडीहाट और मुनस्यारी क्षेत्र के किसान प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने तथा खेती को अधिक लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।