सीमांत नामिक पहुंचे डीएम, बच्चों संग किया मिड डे मील, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं

DTN मुनस्यारी/पिथौरागढ़। सीमांत और दूरस्थ क्षेत्र नामिक के दौरे पर पहुंचे जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय नामिक और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नामिक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर मिड डे मील ग्रहण किया तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण मानकों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, खेल सामग्री एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, विद्यालयों में स्वच्छ एवं प्रेरणादायी वातावरण बनाए रखने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन समितियों और अभिभावकों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, दूरसंचार नेटवर्क और शिक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र का भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनके गांव आगमन पर स्वागत करते हुए पौधों के गमले और स्थानीय पारंपरिक उत्पाद भेंट कर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगांई, खंड शिक्षा अधिकारी मुनस्यारी दिकम्बर लाल आर्य, खंड विकास अधिकारी मुनस्यारी नेहा कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।