प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों का चयन पारदर्शिता से हो: डीएम मनीष कुमार

ग्रामीण आवास योजना की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, 14,899 लाभार्थियों का हुआ सर्वेक्षण

DTN चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज कलक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) निगरानी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के चयन, सत्यापन एवं आवास निर्माण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं की खुली बैठकों के माध्यम से लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया संपन्न की जाए, ताकि वास्तविक जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को फील्ड स्तर पर लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश भी दिए।

परियोजना निदेशक अजय सिंह ने योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जनपद में 14,899 संभावित लाभार्थियों का सर्वेक्षण किया गया है। इनमें से 6,296 लाभार्थियों का सत्यापन पूर्ण हो चुका है, जबकि 1,091 लाभार्थियों ने स्वयं सर्वे (सेल्फ सर्वे) भी किया है।

उन्होंने बताया कि ग्राम सभाओं की खुली बैठकों में प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर पात्र लाभार्थियों के चयन एवं अनुमोदन के लिए पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि योजना का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचे।

बैठक में यह भी बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण के लिए प्रति इकाई 1.30 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। यह राशि लाभार्थियों को तीन किस्तों में दी जाती है। प्रथम किस्त आवास स्वीकृति एवं भूमि चयन संबंधी विवरण अपलोड होने के बाद, द्वितीय किस्त निर्माण कार्य की निर्धारित प्रगति पूरी होने पर तथा तृतीय एवं अंतिम किस्त आवास पूर्ण होने एवं निरीक्षण के बाद जारी की जाती है।

बैठक में ब्लॉक प्रमुख पाटी शंकर सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख लोहाघाट महेंद्र डेक, परियोजना निदेशक अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, खंड विकास अधिकारी बाराकोट अवनीश उपाध्याय, लोहाघाट अशोक अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।