कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, 6 जुलाई को पहुंचेगा पहला दल

500 श्रद्धालु करेंगे यात्रा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और मार्ग व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

DTN पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। आज जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगांई की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यात्रा से जुड़े सभी विभागों की तैयारियों का जायजा लिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए कुल 10 दल प्रस्तावित हैं, जिनमें प्रत्येक दल में 50 श्रद्धालु शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 500 श्रद्धालु यात्रा में भाग लेंगे। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा 12 वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा का पहला दल 6 जुलाई को पिथौरागढ़ पहुंचेगा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग पर एम्बुलेंस, आवश्यक दवाएं और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया।

बैठक में भारतीय सेना एवं सीमा सड़क संगठन से यात्रा मार्ग की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने यात्रा अवधि के दौरान निर्बाध संचार व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस, आईटीबीपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को यात्रा मार्ग, पड़ाव स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध करने को कहा गया। वहीं श्रद्धालुओं के आवास, भोजन, पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

सीमा सड़क संगठन को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण होने के बावजूद भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने मार्ग पर यातायात सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी बाधा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि पुलिस विभाग यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रहा है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल सहित पुलिस, आईटीबीपी, भारतीय सेना, सीमा सड़क संगठन, कुमाऊं मंडल विकास निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।