योग को दिनचर्या में शामिल करने का लिया संकल्प, नशामुक्त समाज निर्माण का भी दिया संदेश
DTN पिथौरागढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय से लेकर सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न योग शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस वर्ष की थीम के अनुरूप स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास का संदेश दिया गया।

जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, सुरक्षा बलों के जवानों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगाईं ने जनपदवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों, मानसिक तनाव एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए योग एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और इसे अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने वाली समग्र जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से योग अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
वहीं सीमांत क्षेत्र मिलम में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन बताते हुए कहा कि योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जनपद में संचालित “ड्रग्स-फ्री देवभूमि” अभियान के अंतर्गत नशा मुक्त सप्ताह के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। युवाओं एवं नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि योग और खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
जनपद के सभी विकासखंडों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, सुरक्षा बलों के परिसरों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग शिविरों में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। पूरे जनपद में योग दिवस को लेकर उत्साह एवं उल्लास का वातावरण रहा और लोगों ने योग के माध्यम से स्वस्थ, समृद्ध एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, मेयर कल्पना देवलाल, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, डीएफओ आशुतोष सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, आयुष विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
