रिंगमेन लाइन निर्माण के लिए 14 दिन बिजली कटौती, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक प्रभावित रहेगी आपूर्ति

 

यूपीसीएल ने जारी किया शटडाउन कार्यक्रम, शहर के कई मोहल्लों में अलग-अलग तिथियों पर नहीं रहेगी बिजली

DTN पिथौरागढ़। शहर में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए रिंगमेन 11 केवी विद्युत लाइन निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके चलते 26 जून से 9 जुलाई तक विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के विद्युत वितरण खंड पिथौरागढ़ ने इस संबंध में विस्तृत शटडाउन कार्यक्रम जारी किया है।

विभाग के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूर्ण या आंशिक रूप से बाधित रहेगी। रई, पुनेड़ी, टाउन-2, टाउन-4 तथा ऐंचोली कॉलोनी पोषकों से जुड़े क्षेत्रों में अलग-अलग तिथियों पर शटडाउन लिया जाएगा।

जारी कार्यक्रम के अनुसार धारचूला रोड, ग्रिफ बैंड, रई पुलिया, बस्ते, सिल्थाम, जाखनी, धुपौड़, पवन विहार, विण रोड, लिंक रोड, अपटेक से कोतवाली रोड, पाण्डेगांव, जीआईसी क्षेत्र, ऐंचोली रोड, चन्द्रभागा तथा टनकपुर रोड क्षेत्र के उपभोक्ताओं को निर्धारित तिथियों में बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा।

यूपीसीएल का कहना है कि रिंगमेन लाइन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शहर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक मजबूत होगी और फॉल्ट की स्थिति में उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए आवश्यक कार्य समय रहते पूरा करने की सलाह दी है।