जनता मिलन में उठीं 62 समस्याएं, अधिकांश का मौके पर हुआ समाधान

DTN चम्पावत। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता वितरण और आमजन की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण को लेकर आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 19 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए गए।

जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 62 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में पेयजल और विद्युत आपूर्ति, पेंशन, शौचालय निर्माण, सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, कृषि, उद्यान, सिंचाई, उरेडा, समाज कल्याण तथा पूर्ति विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

ग्राम पाटन की हेमा भट्ट ने शौचालय निर्माण और पेयजल समस्या का मामला उठाया, जिस पर जल संस्थान और स्वजल विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं झाड़सिरतोली, खेतीखान की भागीरथी देवी ने विधवा पेंशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को सभी औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र पेंशन स्वीकृत करने को कहा।

ग्राम कानीकोट के नारायण सिंह खाती ने क्षेत्र में पेयजल संकट और पाइपलाइन लीकेज की समस्या रखी। इस पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को व्यवस्था दुरुस्त करने तथा लीकेज तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित शिकायत पर भी समाज कल्याण विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में शांतिदेवी की शिकायत पर उपजिलाधिकारी लोहाघाट को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आपदा मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और मुख्य शिक्षा अधिकारी को आपदा की दृष्टि से संवेदनशील विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन में प्राप्त सभी शिकायतों का संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।