अमोड़ी व ललुवापानी में बनेंगे नए विद्युत उपकेंद्र, पूर्णागिरि मार्ग पर 30 अक्टूबर तक लगेंगी स्ट्रीट लाइट

DTN चम्पावत। सीमांत क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने विकास कार्यों में तेजी लाने की तैयारी शुरू कर दी है। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने आज कुमाऊं क्षेत्र का दौरा कर विद्युत व्यवस्थाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान पहले हल्द्वानी में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता सुविधाओं और चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके बाद चम्पावत में जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में अमोड़ी एवं ललुवापानी में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना, ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट लगाने, दूरस्थ तोकों के विद्युतीकरण तथा चम्पावत मुख्य बाजार में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रबंध निदेशक ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से भी मुलाकात कर प्रस्तावित विद्युत परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि और अन्य व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया। जिलाधिकारी ने अमोड़ी और ललुवापानी में बनने वाले दोनों विद्युत उपकेंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में प्रबंध निदेशक ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य आगामी 30 अक्टूबर से पहले पूरा करने का लक्ष्य तय किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

पी.सी. ध्यानी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप उपभोक्ताओं को विश्वसनीय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे कर जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

बैठक में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, सुनील पुनेठा, प्रकाश बिनवाल, आनंद अधिकारी तथा चंदन बोहरा ने भी अपने सुझाव रखे।

विद्युत विभाग की ओर से कार्यकारी निदेशक (तकनीकी) एस.के. टम्टा, मुख्य अभियंता रुद्रपुर एन.एस. टोलिया, अधीक्षण अभियंता टनकपुर डी.के. जोशी तथा अधिशासी अभियंता चम्पावत विजय सकारिया समेत अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।