नेपाल सीमा से सटे सील-बरुड़ी पहुंचे डीएम, रात्रि चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

DTN लोहाघाट/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, सेवा पखवाड़ा’ अभियान के तहत आज जिलाधिकारी मनीष कुमार नेपाल सीमा से सटे दूरस्थ ग्राम सील-बरुड़ी पहुंचे। कठिन पहाड़ी रास्तों से करीब 15 से 16 किलोमीटर पैदल यात्रा कर गांव पहुंचे डीएम ने जन चौपाल और रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी।

ग्रामीणों ने गांव तक सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने यूआरआरडीए के मुख्य अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर जानकारी ली। बताया गया कि 22.4 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए लगभग 23 करोड़ रुपये की डीपीआर भारत सरकार को भेजी जा चुकी है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने ज्ञान सेतु, आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का भी जायजा लिया। स्वास्थ्य शिविर में 55 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 30 लोगों की शुगर और रक्तचाप की जांच कर दवाइयां वितरित की गईं। समाज कल्याण विभाग ने चार जरूरतमंदों को निःशुल्क श्रवण यंत्र भी उपलब्ध कराए।

रात्रि चौपाल में किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड और बिजली पोल से जुड़ी समस्याएं उठीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।