DTN पिथौरागढ़। कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 1900 रुपये की नकदी के साथ 213.7 ग्राम अवैध चरस भी बरामद की है। आरोपी की संलिप्तता जिले के कई अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं में भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में चोरी की घटनाओं के बाद अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसएचओ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर एचोली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संतोष उर्फ सन्नी (21) निवासी ग्राम गलाती, धारचूला को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने 31 मई की रात ग्राम पौण स्थित चंडिका मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से नकदी चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी की 1900 रुपये की नकदी बरामद होने पर मुकदमे में संबंधित धारा भी बढ़ाई गई।
गिरफ्तारी के दौरान तलाशी में आरोपित के पास से 213.7 ग्राम अवैध चरस भी बरामद हुई। इस संबंध में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित भदेलवाड़ा, पुनेड़ी और लिन्ठ्यूड़ा मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपित का आपराधिक इतिहास भी है और वह पहले स्कूटी चोरी तथा मंदिर चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
