DTN नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के किशनगढ़ (मुनिरका) इलाके में चरित्र पर शक के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और अपने दोस्त को मदद के लिए बुलाया, लेकिन दोस्त की सूझबूझ से पूरी साजिश नाकाम हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान कनिका (20) और आरोपी की पहचान अनुराग उर्फ अभिषेक (24) के रूप में हुई है। दोनों की शादी वर्ष 2023 में हुई थी और वे मुनिरका स्थित पाल डेयरी के पास किराये के मकान में रहते थे। अनुराग एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अनुराग अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाली रात भी कहासुनी के दौरान आरोपी ने कमरे में रखी कीलों लगी लकड़ी की छड़ी और मेज के स्टैंड से पत्नी पर लगातार वार किए। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से कनिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने अपने एक दोस्त को कमरे पर बुलाकर शव को संजय वन या जेएनयू रोड के पास फेंकने में मदद मांगी। कमरे में खून से लथपथ शव देखकर दोस्त के होश उड़ गए। आरोपी ने उसका मोबाइल भी अपने पास रख लिया, लेकिन दोस्त ने बहाना बनाकर फोन वापस लिया और मकान की छत पर पहुंचकर डायल-112 पर पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही किशनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे घर के बाहर ही दबोच लिया गया। कनिका को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

