तमक नाले में तेज बहाव की चपेट में आया चालक लापता, युद्धस्तर पर सर्च अभियान

DTN चमोली। ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के बाद आए तेज पानी और मलबे की चपेट में आने से सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की 123 इकाई में तैनात चालक पंकज रुधौला लापता हो गए। उनकी तलाश में जिला प्रशासन के निर्देशन में युद्धस्तर पर रेस्क्यू एवं सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स की टीमें मौके पर तैनात हैं। नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं, बोल्डरों और अन्य संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की जा रही है। अभियान में दो 20 टन क्षमता के एक्सकेवेटर, एक सात टन एक्सकेवेटर, गढ़वाल राइफल्स के 25 से अधिक जवान और 123 इकाई के 20 से अधिक जवान जुटे हैं।

तलाश अभियान में दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग की मदद भी ली जा रही है। दुर्गम क्षेत्रों में संभावित स्थानों की निगरानी के लिए ड्रोन से भी सर्चिंग की जा रही है। एक्सकेवेटर की मदद से भारी बोल्डर और मलबा हटाकर उसके नीचे और आसपास के संभावित स्थानों की जांच की जा रही है।

जिला प्रशासन पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है। मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ ही सर्च अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। लापता चालक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।