DTN चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और रेस्क्यू में जुटी टीमों से समन्वय कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

लापता लोगों की तलाश में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। टनल के भीतर पानी का स्तर कम करने के लिए पंपों से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है, जिससे रेस्क्यू टीमों को प्रभावित हिस्सों तक पहुंचने में आसानी हो सके।
टनल के भीतर फंसी मशीनों और भारी अवरोधों को हटाने का काम भी प्राथमिकता से किया जा रहा है। आधुनिक उपकरणों और तकनीकी संसाधनों की मदद से मशीनों को बाहर निकालकर रास्ता साफ करने का प्रयास जारी है। मलबे के बीच छोटी से छोटी जगह और सभी संभावित स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है।
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद अब तक कुल 20 लोगों को टनल से बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल निकालकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि आठ लोगों की मृत्यु हो चुकी है। टनल में फंसे दो लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
