बैड़ा मझेड़ा-जारती मोटर मार्ग की जांच को समिति गठित करने के निर्देश

DTN बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान पेयजल, सड़क और विद्युत से संबंधित पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश मामलों के मौके पर ही निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैड़ा मझेड़ा-जारती मोटर मार्ग के किमी 11 में सड़क धंसने से उत्पन्न खतरे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति से एक माह के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने को कहा।

जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की स्पष्ट आख्या मांगी और कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्धारित कॉलिंग प्रक्रिया का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉलिंग प्रतिशत किसी भी स्थिति में 70 से कम नहीं होना चाहिए। ‘हेलो बागेश्वर’ से प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के साथ नियमित मॉनिटरिंग पर भी विशेष जोर दिया गया।