DTN टनकपुर। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में टनकपुर क्षेत्र में सिडकुल की स्थापना की दिशा में प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। आज जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर राजस्व, उद्योग, वन, सिंचाई विभाग और सिडकुल के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया।

संयुक्त टीम ने फागपुर बीट संख्या 15 एवं 16 के अंतर्गत करीब 30 हेक्टेयर भूमि का निरीक्षण कर सिडकुल की स्थापना के लिए चिह्नित किया। निरीक्षण के दौरान भूमि की स्थिति, वन क्षेत्र और अन्य आवश्यक पहलुओं का जायजा लिया गया।
उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रस्तावित भूमि का अधिकांश हिस्सा खुला है। यहां वृक्षों की संख्या और उनका घनत्व भी न्यूनतम है। ऐसे में औद्योगिक विकास के लिए यह स्थान अनुकूल माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि भूमि के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर आगे बढ़ाई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक सुमेधा पंत, उप प्रभागीय वनाधिकारी संचिता वर्मा, सिडकुल पंतनगर के कनिष्ठ अभियंता मुकेश मंडल और सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
