DTN चम्पावत। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर धूरा (चौड़ाकोट) में प्रस्तावित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने हेलीपैड, सेफ हाउस, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, मंच, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, शौचालय, यातायात और बैरिकेडिंग समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और आमजन के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रवेश और निकास, पार्किंग, यातायात तथा जनसुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ मातृशक्ति के सम्मान, सहभागिता और सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम को बेहतर व्यवस्थाओं के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान दर्जा प्राप्त मंत्री मनोज कालाकोटी, दर्जा प्राप्त मंत्री हेमा जोशी, जिलाध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुन्दर सिंह बोहरा, एसडीएम प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता मोहन चन्द्र पलड़िया सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
