बच्चों के सपनों को उड़ान देने में सहभागी बनें, शिक्षा में सहयोग सबसे बड़ा निवेश: धामी

DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसी बच्चे की शिक्षा में सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उसके सपनों को पूरा करने में सहभागी बनने जैसा है। प्रतिभाओं को पहचान देने और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। मुख्यमंत्री ने यह बात कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में कुसुम कांता फाउंडेशन एवं मंथन वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित ‘ज्ञान गंगा सम्मान समारोह एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम’ में कही।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों को दृष्टि, आत्मविश्वास और संस्कार देकर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं। एक शिक्षक कक्षा में केवल विद्यार्थी का नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करता है।

मुख्यमंत्री ने स्व. कुसुम कांता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि संगीत, साहित्य और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायी रहा। उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए कुसुम कांता फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास, डिजिटल साक्षरता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल रहा है। राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने पर भी जोर दे रही है।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों को सुविधाओं के साथ समय, संस्कार और अनुशासन देने की अपील की। विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और मेहनत, अनुशासन व दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने स्व. कुसुम कांता को याद करते हुए उनके शिक्षा, साहित्य, संगीत और समाज सेवा के प्रति समर्पण को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, प्रो. सुधारानी पांडेय, विदुषी निशंक, आर्यन देव उनियाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।