DTN देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने जिलाधिकारियों को अभियोजन से जुड़े मामलों के निस्तारण में तेजी लाने और अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने विभिन्न जनपदों में अभियोजन मामलों की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने कहा कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाए और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने स्टैंडिंग कमेटी की बैठकें निर्धारित समय पर आयोजित करने के भी निर्देश दिए। जघन्य अपराधों के मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने ऐसे प्रकरणों में तेजी से कार्रवाई और प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि अभियोजन प्रक्रिया के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक, प्रक्रियात्मक या समन्वय संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। अपराधियों को सजा दिलाने के लिए अभियोजन की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत 15 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी जिलाधिकारियों को दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘भारत 2047’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक विद्यालयों में विकसित भारत एवं भारत 2047 विषय पर छात्र निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। जिला स्तर पर प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। श्रेष्ठ चित्रों को एनिमेटेड लघु फिल्मों में शामिल कर प्रदर्शित किया जाएगा।
‘सेवा और सपना’ के तहत प्रदेशभर के विद्यालयों में प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। वहीं एक से सात अक्टूबर तक ‘हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित होगा। इसमें युवा, स्टार्टअप और रिसर्चर्स तकनीक, विकास और सोशल इनोवेशन समेत विभिन्न विषयों पर भारत के भविष्य के लिए समाधान तैयार करेंगे।
‘जन कल्याण संवाद’ के माध्यम से प्रौद्योगिकी, खेल, कला, विज्ञान और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में काम करने वाले प्रभावशाली व्यक्तियों को एक मंच पर लाया जाएगा। सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ पर रिले मैराथन में पेशेवर एथलीटों के साथ आम नागरिक भी प्रतिभाग करेंगे। इसके साथ ही खेल प्रतियोगिताओं, साइकिलिंग और बाइक रैली का आयोजन भी होगा।
बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विजय कुमार, चंद्रेश कुमार यादव, रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, बृजेश कुमार संत, रणवीर सिंह चौहान, डॉ. वी. षणमुगम, युगल किशोर पंत, विनोद कुमार सुमन, राजेंद्र कुमार, धीराज सिंह गर्ब्याल, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और गढ़वाल कमिश्नर आनन्द स्वरूप समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
