जनता मिलन में पहुंची 208 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

DTN चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, सोलर स्ट्रीट लाइट, प्रधानमंत्री आवास, आर्थिक सहायता, सुरक्षा दीवार, चेनलिंक फेंसिंग और पूर्ति विभाग से संबंधित समस्याएं रखीं। कुल 208 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न किया जाए। आपदा से क्षतिग्रस्त निजी परिसंपत्तियों, सड़कों, पेयजल संरचनाओं तथा सीमांत और वन क्षेत्रों में सोलर लाइट से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम किमवाड़ी निवासी जशोधर पचौली ने तालाब का कार्य पूरा होने के बाद भी भुगतान नहीं होने की शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला मत्स्य प्रभारी त्रिभुवन मौर्य ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए समस्या का निस्तारण किया। सैदोला बोरा की बसंती देवी ने आवास और आयुष्मान कार्ड बनाने की मांग रखी, जिस पर खंड विकास अधिकारी चम्पावत और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

भगाना-भंडारी के ग्रामीणों और दुकानदारों ने नारियलगांव बाजार में पांच सोलर लाइट लगाने की मांग की। वहीं दियूरी के तोक चौड़ा निवासी हिमांशु जोशी ने फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और सोलर लाइट की मांग रखी। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में उरेडा समेत संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

रमैला के ग्राम प्रधान नीरज बोहरा ने आपदा से क्षतिग्रस्त आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मत, प्राथमिक विद्यालय और हाईस्कूल की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन व शौचालय की मरम्मत तथा सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को प्रकरणों का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा।

बुड़चौड़ा निवासी शिवम फर्त्याल ने जन्म प्रमाण पत्र में जन्मतिथि सुधार का आवेदन दिया। इसके अलावा निर्मला जोशी, संदीप कुमार पाण्डेय, सूरज सिंह महर, कृष्णानंद जोशी, सरिता देवी और हेमा देवी समेत अन्य ग्रामीणों ने तारबाड़, सुरक्षा दीवार, पेयजल, सोलर लाइट और किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जनता मिलन कार्यक्रम में डीएफओ धिनो पुरुषोत्तमन, परियोजना निदेशक अजय सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, सहायक जिला समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीणजन मौजूद रहे।