DTN चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चम्पावत में विकास कार्यों को नई गति देते हुए ₹165.68 करोड़ की लागत वाली 54 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने का संकल्प केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए धरातल पर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। इन योजनाओं से सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ गांवों और सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाना है।
टनकपुर-बनबसा को जलभराव से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में करीब 7.7 किलोमीटर लंबी नालियों का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इससे दोनों क्षेत्रों के लोगों को जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर काम चल रहा है। इसकी समग्र परियोजना की लागत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक है।
पूर्णागिरि रोपवे और किरोड़ा पुल निर्माण को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करीब ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे का निर्माण किया जा रहा है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, बनबसा में करीब ₹502 करोड़ की लागत से प्रस्तावित लैंड पोर्ट परियोजना सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर खोलेगी।
बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने का मिलेगा मौका
पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है। इससे क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा ₹55.53 करोड़ की लागत से विज्ञान केंद्र और करीब ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल एक जनपद के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। विकास की सार्थकता तभी है, जब इसका लाभ आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।
पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें ग्राम बस्टिया, टनकपुर के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी, बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) और ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाकर उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, विभिन्न दर्जा राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
