DTN पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में हेरोइन तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घाट बैरियर पर हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने सप्लाई चेन से जुड़े मुख्य सप्लायर को ऊधमसिंहनगर के सितारगंज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मंजीत सिंह निवासी ग्राम उकरौली, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 की बढ़ोतरी की है।

18 सितंबर को कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने घाट बैरियर पर चेकिंग के दौरान हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसे जेल भेजने के बाद पुलिस मामले की विवेचना में जुटी थी। पूछताछ के साथ ही तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन खंगाली। जांच के दौरान मंजीत सिंह की संलिप्तता सामने आई।
एसएचओ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी ऐंचोली उपनिरीक्षक कमलेश चंद्र जोशी ने पुलिस टीम के साथ सितारगंज स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी। यहां से मंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी ऐंचोली उपनिरीक्षक कमलेश चंद्र जोशी, हेड कांस्टेबल खीम सिंह और कांस्टेबल नवीन्द्र प्रसाद शामिल रहे।
