भारत-नेपाल के बीच जुड़ा विकास का नया सेतु, छारछुम मोटर पुल का संयुक्त लोकार्पण

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने दिल्ली से किया विधिवत शुभारंभ
- 33 करोड़ की लागत से बना 110 मीटर लंबा पुल उत्तराखंड में भारत-नेपाल के बीच दूसरा मोटरेबल ब्रिज
- झूला पुलों की निर्भरता खत्म, अब सीधे वाहनों से होगी दोनों देशों के बीच आवाजा
DTN धारचूला (पिथौरागढ़)। भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। धारचूला तहसील के छारछुम गांव को नेपाल के दार्चुला जिले के असीगड़ा गांव से जोड़ने वाले ‘भारत-नेपाल मैत्री पुल’ (छारछुम मोटर पुल) का विधिवत शुभारंभ हो गया। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से इस पुल का लोकार्पण किया। पुल के शुरू होने से दोनों देशों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को नई ऊर्जा मिलेगी।
पारंपरिक नृत्य व गायन से सीमांतवासियों ने जताई खुशी
लोकार्पण को लेकर सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने और मोटर पुल की सौगात मिलने से क्षेत्रवासी खुशी से झूम उठे। छारछुम ब्रिज पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य और गायन के माध्यम से अपनी खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों ने भारत और नेपाल सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह पुल सीमांत के विकास और दोनों देशों के नागरिकों के आपसी संपर्क को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
व्यापार और आर्थिकी को मिलेगी रफ्तार
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 110 मीटर लंबा यह मोटर पुल सीमांत क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। इससे दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा और विकास के नए द्वार खुलेंगे।
नेपाल के दार्चुला के मुख्य जिलाधिकारी (सीडीओ) वर्तराज पौडेल ने कहा कि अब तक यहां के लोग केवल झूला पुलों के सहारे आवाजाही करते थे। अब मोटर पुल शुरू होने से वाहनों का संचालन हो सकेगा, जिससे लोगों के समय की बचत होगी और क्षेत्रीय आर्थिकी को बड़ी गति मिलेगी।
उत्तराखंड का दूसरा मोटरेबल पुल
उल्लेखनीय है कि छारछुम मोटर पुल उत्तराखंड में भारत और नेपाल को जोड़ने वाला दूसरा मोटरेबल पुल है। इससे पूर्व केवल बनबसा में ही दोनों देशों के बीच मोटर पुल से वाहनो की आवाजाही होती थी।
इस अवसर पर पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, डीआईजी एसएसबी एस. सुब्रमणियम, कमिश्नर कस्टम्स मयंक शर्मा सहित भारत व नेपाल के प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
