भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में शामिल हुए स्वामी वीरेंद्रानंद महाराज, चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन

DTN हरिद्वार। हरिद्वार स्थित प्रेम आश्रम में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन हुआ। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, प्रवासी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। पार्टी नेतृत्व ने संगठन की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से चुनावी लक्ष्य हासिल करने का संकल्प दोहराया।

बैठक के अंतिम सत्र में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन की मजबूती, आपसी एकजुटता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उनके प्रेरणादायी संबोधन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड में सुशासन, विकास और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी डॉ. अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज और वरिष्ठ संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस महत्वपूर्ण बैठक में स्वामी वीरेंद्रानंद महाराज ने भी सहभागिता कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार और तरुण बंसल ने किया।