DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शासकीय आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह सफलता प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी, जो सरकारी सेवाओं में आने के लिए मेहनत कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से है। नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी जमीन परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है, इसलिए अधिकारियों को प्रत्येक मामले में संबंधित परिवार की परिस्थितियों को भी समझना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से तहसील में आने वाले लोगों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने और आवश्यक दस्तावेजों व प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी देने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों में आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन किया जाए, जिससे प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारी किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है। अधिकारियों को इसे अपनी कार्यशैली में शामिल करते हुए प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आवेदकों को उनके मामलों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लागू सख्त नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं की मेहनत और भविष्य की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को इस सोच के साथ कार्य करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिकतम लाभ कैसे पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि उन लोगों के प्रति विशेष जिम्मेदारी है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक होती है।
इस अवसर पर सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
