यातायात नियम तोड़ने पर 86 वाहनों के चालान, पांच सीज; 12 लाइसेंस निलंबित

DTN पिथौरागढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 86 वाहनों के चालान किए गए, जबकि पांच वाहनों को सीज कर 12 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई।

प्रभारी निरीक्षक यातायात मोहम्मद यूनुस, अपर उपनिरीक्षक कैलाश सिंह और अपर उपनिरीक्षक गोविन्द सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

कार्रवाई के साथ ही पुलिस टीम ने 100 से अधिक वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की अहमियत बताते हुए पुलिस ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना के दौरान जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और सड़क पर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।