DTN पिथौरागढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पिथौरागढ़ पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 30 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, जबकि दो अन्य आरोपियों से कुल 17.78 ग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने शराब और हेरोइन तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज किया है।

पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे अभियान और पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे के निर्देश पर जनपद पुलिस एवं एसओजी की ओर से अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
30 पेटी शराब के साथ खटीमा का युवक गिरफ्तार
ऐचोली चेक पोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान चौकी प्रभारी कमलेश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक आर्टिका कार की तलाशी ली। कार से 30 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने चालक शंकर सिंह निवासी सबोरा, खटीमा, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पिथौरागढ़ में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। शराब तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया गया है।
हिस्ट्रीशीटर से 11.78 ग्राम हेरोइन बराम
कनालीछीना पुलिस ने ग्राम सतगढ़ के पास पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे पर चेकिंग के दौरान मारुति कार सवार सूरज सिंह भंडारी निवासी सुसौण, कनालीछीना को 11.78 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी थाना कनालीछीना का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त कार सीज कर दी गई है।
एसओजी ने निराड़ा रोड से पकड़ा तस्कर
एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गोपनीय सूचना पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास निराड़ा रोड पर कार्रवाई करते हुए अजय कुमार उर्फ अज्जू निवासी अस्कोट को 6 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पिथौरागढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक ललित मोहन रावल समेत पुलिस और एसओजी के जवान शामिल रहे।
